क्या रेखा गुप्ता बनेंगी दिल्ली की महिला सीएम ?

दिल्ली का नया मुख्यमंत्री: खुलने वाला है नाम का पिटारा, RSS ने क्यों सुझाया रेखा गुप्ता का नाम?

दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ऐतिहासिक जीत के बाद अब राजधानी को नया मुख्यमंत्री मिलने वाला है। भाजपा विधायक दल की बैठक आज शाम 7 बजे होगी, जिसमें मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम मुहर लगेगी। इस बीच, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सूत्रों के अनुसार, शालीमार बाग से विधायक रेखा गुप्ता का नाम सबसे आगे चल रहा है। हालांकि, प्रवेश वर्मा और आशीष सूद भी मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं।

रेखा गुप्ता होंगी दिल्ली की नई सीएम?

सूत्रों के मुताबिक, भाजपा दिल्ली में महिला मुख्यमंत्री बनाने की रणनीति पर काम कर रही है। विधानसभा चुनाव के दौरान महिला वोटर्स पर विशेष फोकस था, जिसमें भाजपा को भारी समर्थन मिला। इसी के चलते भाजपा और RSS ने मिलकर महिला नेतृत्व को प्राथमिकता देने का फैसला किया। रेखा गुप्ता, जो पहली बार विधायक बनी हैं, इस दौड़ में सबसे आगे मानी जा रही हैं।

कोई दावेदार नहीं सब पार्टी तय करेगी: रेखा गुप्ता

भाजपा विधायक रेखा गुप्ता का इस मुद्दे पर कहना है कि भाजपा में सीएम पद का कोई भी दावेदार नहीं है। यह सब पार्टी तय करती है, जिसे भी जिम्मेदारी दी जाएगी, वह प्रतिबद्धता के साथ काम करेगा। मुझे पूरा विश्वास है कि बीजेपी के सीएम के साथ दिल्ली में एक नया अध्याय शुरू होगा। दिल्ली बहुत सारे विकास कार्यों के साथ एक नई कहानी लिखेगी, लोगों को अधिकार मिलेंगे, सभी काम होंगे। कल के शपथ ग्रहण समारोह के लिए बहुत उत्साह है। लोग इसमें शामिल होना चाहते हैं। 26 साल बाद दिल्ली अपनी क्षमता का एहसास करने के लिए तैयार है। हमारे पास बहुत सारी विकास योजनाएं हैं और समय आ गया है।

प्रवेश वर्मा की दावेदारी कितनी मजबूत?

भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा के बेटे प्रवेश वर्मा भी मुख्यमंत्री पद के लिए मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं। उन्होंने नई दिल्ली सीट से अरविंद केजरीवाल को हराकर पार्टी को बड़ी जीत दिलाई थी। जाट समुदाय से आने के कारण उनके पक्ष में जातीय समीकरण भी मजबूत हैं। हालांकि, कुछ भाजपा नेता उन्हें मुख्यमंत्री बनाए जाने से परिवारवाद का मुद्दा उठने की आशंका जता रहे हैं।

पंजाबी समुदाय को मिल सकती है जगह?

बता दें कि पंजाबी समुदाय से आने वाले आशीष सूद भी इस रेस में शामिल हैं। जनकपुरी से विधायक बने सूद भाजपा संगठन में मजबूत पकड़ रखते हैं और गोवा तथा जम्मू-कश्मीर में पार्टी के प्रभारी रह चुके हैं। पंजाबी और सिख मतदाताओं को साधने के लिए भाजपा उन्हें भी मुख्यमंत्री बना सकती है।

यह भी पढ़ें: दिल्ली BJP संसदीय बोर्ड की मीटिंग खत्म: CM का नाम तय, शाम 7 बजे विधायक दल की बैठक में होगा ऐलान

दो डिप्टी सीएम बनने की संभावनाएं

सूत्रों की मानें तो भाजपा दिल्ली में जातीय और क्षेत्रीय संतुलन बनाए रखने के लिए दो उपमुख्यमंत्रियों की नियुक्ति पर भी विचार कर रही है। इनमें एक दलित और एक पूर्वांचली नेता को मौका दिया जा सकता है। इससे पार्टी दिल्ली की अलग-अलग सामाजिक समूहों को साधने की कोशिश करेगी।

आज होगा बड़ा फैसला, कल शपथ ग्रहण समारोह?

भाजपा विधायक दल की बैठक में आज शाम 7 बजे मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा हो सकती है। इसके बाद, कल दोपहर 12:35 बजे रामलीला मैदान में भव्य शपथ ग्रहण समारोह होगा, जिसमें नए मुख्यमंत्री के साथ मंत्रिपरिषद भी शपथ लेगी। इस समारोह में भाजपा के कई बड़े नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल होंगे।