प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज देशवासियों से ‘मन की बात’ कर रहे हैं। यह इस कार्यक्रम का 119वां एपिसोड है, जो 23 फरवरी को प्रसारित होगा। साल 2025 में यह दूसरा एपिसोड होगा। इससे पहले, पीएम मोदी ने 19 जनवरी को ‘मन की बात’ में देशवासियों से संवाद किया था।
इस बार वे भारत की अंतरिक्ष (स्पेस) में शानदार सफलता के बारे में बात कर रहे हैं। भारत ने अंतरिक्ष विज्ञान में एक नया इतिहास रच दिया है। हमारी स्पेस यात्रा की शुरुआत साधारण तरीके से हुई थी, लेकिन आज इसरो की सफलताएँ पूरी दुनिया देख रही है। अब तक 460 सैटेलाइट लॉन्च किए जा चुके हैं, जिनमें कई अन्य देशों के सैटेलाइट भी शामिल हैं। खास बात यह है कि इस सफलता में महिलाओं की भी अहम भागीदारी रही है।
पीएम मोदी ने आने वाले नेशनल साइंस डे को सेलिब्रेट करने की भी बात कही। इसके साथ ही, उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में भारत की तेज़ी से बढ़ती उपलब्धियों का ज़िक्र किया। आज स्पेस हो या AI, भारत के युवा इन क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। दुनिया भी भारत की इस प्रगति की सराहना कर रही है।
8 मार्च को पीएम का इंस्टा और X अकाउंट संभालेंगे महिलायें
8 मार्च को पूरी दुनिया अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के रूप में मनाती है। हमारी संस्कृति में हर विद्या को देवी का स्वरूप माना गया है, इसलिए बेटियों का सम्मान हमेशा से सबसे महत्वपूर्ण रहा है। संविधान सभा में हंसा मेहता जी ने भी महिलाओं की भूमिका पर जोर दिया था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घोषणा की है कि इस बार उनका इंस्टाग्राम और एक्स अकाउंट 8 मार्च को देश की महिलाओं को समर्पित रहेगा। यानी, उस दिन उनके सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर महिलाओं के अनुभव और संघर्ष की कहानियां साझा की जाएंगी, ताकि उनकी आवाज़ दुनिया तक पहुंचे।
खेल के क्षेत्र में भी हमारी बेटियां और युवा कमाल कर रहे हैं। खेलो इंडिया अभियान ने कई होनहार खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मौका दिया है। उत्तर प्रदेश के सचिन यादव, हैमर थ्रो खिलाड़ी अनुष्का यादव, और हरियाणा की पूजा जैसे कई एथलीटों ने देश का नाम रोशन किया है। हाल ही में उत्तराखंड में हुए एक खेल आयोजन में युवाओं ने दिखा दिया कि जो लोग अपनी सीमाओं को तोड़ते हैं, वही असली चैंपियन बनते हैं।
मोटापे पर पीएम मोदी ने क्या कहा?
पीएम मोदी ने बताया कि हर 8 में से 1 व्यक्ति मोटापे का शिकार है। WHO के आंकड़ों के अनुसार, दुनियाभर में 250 करोड़ से ज्यादा लोग ओवरवेट हैं, जिसमें बच्चों की संख्या भी काफी चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे बदलाव करके हम इस समस्या से बच सकते हैं। ‘मन की बात’ कार्यक्रम में बॉक्सर निखत जरीन और ओलंपियन नीरज चोपड़ा ने भी हेल्दी डाइट अपनाने की सलाह दी। डॉक्टरों का कहना है कि ज्यादा कार्बोहाइड्रेट खाने से मोटापे का खतरा बढ़ता है, इसलिए वर्कआउट करना बहुत जरूरी है।
इसके अलावा, पीएम मोदी ने देश में बाघों की पूजा और संरक्षण पर भी चर्चा की। उन्होंने महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और आदिवासी समुदायों का जिक्र किया, जहां बाघों को पूजनीय माना जाता है। कर्नाटक में बाघों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है, वहीं गुजरात के गिर जंगल में एशियाटिक शेरों की सुरक्षा पर भी ध्यान दिया जा रहा है। इन प्रयासों से बाघ, बारहसिंगा और चीता की आबादी में काफी इजाफा हुआ है। पीएम मोदी ने अंडमान-निकोबार की ‘डियर वूमन’ का भी खास जिक्र किया, जो पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
परीक्षा से न डरे
बोर्ड एग्जाम देने वाले सभी वॉरियर्स को ढेर सारी शुभकामनाएं! निडर होकर अपनी परीक्षा दें और बेहतरीन प्रदर्शन करें। इस बार हमने परीक्षा पर चर्चा के लिए एक्सपर्ट्स के साथ 8 खास एपिसोड तैयार किए हैं। दिल्ली की खूबसूरत सुंदर नर्सरी में हुई इस चर्चा को सभी ने बहुत पसंद किया। अगर आपने अभी तक नहीं देखा, तो इसे नमो भारत ऐप पर जाकर देख सकते हैं!