दिल्ली में 'आदि महोत्सव' का शुंभारंभ!

आज आदि महोत्सव 2025 का शुंभारंभ करेंगी राष्ट्रपति मुर्मू, जानें क्या होने वाला है इसमें खास

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दिल्ली के मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में मेगा नेशनल ट्राइबल फेस्टिवल ‘आदि महोत्सव’ का उद्घाटन करेंगी। यह आयोजन जनजातीय मामलों के मंत्रालय के तहत ट्राइबल को-ऑपरेटिव मार्केटिंग डेवलपमेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (TRIFED) द्वारा किया जा रहा है।

इस साल ‘आदि महोत्सव’ 16 से 27 फरवरी तक चलेगा और इसमें पूरे देश की जनजातियों की समृद्ध और अनोखी विरासत देखने को मिलेगी। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) के अनुसार, महोत्सव में लगे स्टॉल्स पर आदिवासी कला, संस्कृति और परंपराओं का प्रदर्शन किया जाएगा।

इस कार्यक्रम में इंडोनेशिया और श्रीलंका के प्रतिनिधिमंडल भी शामिल होंगे। इसके अलावा, 600 से ज्यादा आदिवासी कारीगर, 500 से अधिक कलाकार और 25 विशेष आदिवासी खाद्य स्टॉल मौजूद रहेंगे, जो 30 से अधिक राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की परंपराओं को दर्शाएंगे।

कहां हो रहा है आयोजित? कैसे पहुंचे 

देश की राजधानी दिल्ली में मेगा नेशनल ट्राइबल फेस्टिवल ‘आदि महोत्सव’ का आयोजन हो रहा है। यह कार्यक्रम मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में हो रहा है, जहां भारत और विदेशों की कई जानी-मानी हस्तियां भी शामिल होंगी।

अगर आप यहां पहुंचना चाहते हैं, तो मेट्रो एक अच्छा विकल्प है। ब्लू लाइन की मेट्रो लेकर आप आसानी से आ सकते हैं। सुप्रीम कोर्ट-प्रगति मैदान इसका सबसे नजदीकी मेट्रो स्टेशन है। इसके अलावा, आप कार या टैक्सी से भी आराम से यहां आ सकते हैं।

क्या-क्या देखने को मिलेगा?

इस महोत्सव में आपको आदिवासी शिल्प, संस्कृति, स्वादिष्ट खाने और उनके व्यापार से जुड़ने का अनोखा मौका मिलेगा। यहाँ आप खूबसूरत हस्तशिल्प, हथकरघा से बने कपड़े, मिट्टी के बर्तन और आभूषणों जैसी अनोखी चीज़ें देख और खरीद सकते हैं।

इसके अलावा, लाइव परफॉर्मेंस और मनोरंजन के शानदार पलों का भी मज़ा ले सकते हैं। यह महोत्सव आपको आदिवासी जीवनशैली को करीब से जानने और उनकी कला व परंपराओं को समझने का अवसर देता है।

इसका मुख्य उद्देश्य आदिवासी कलाकारों और उनके हुनर को बढ़ावा देना है, ताकि उनकी कला, खान-पान और संस्कृति को ज्यादा से ज्यादा लोग जान सकें और सराह सकें।

 

यह भी पढ़े: