first Indian budget history

क्या है भारत के पहले बजट की कहानी? किसने और कहां पेश किया गया था इसे?

आज वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण देश का आम बजट (Union Budget 2025) पेश करने वाली हैं। लेकिन क्या आपको पता है कि भारत का पहला बजट कब और किसने पेश किया था? दरअसल, भारतीय बजट का इतिहास आज़ादी से पहले का है। इसे ब्रिटिश शासन के दौरान ‘जेम्स विल्सन’ ने पेश किया था, लेकिन ये भारत में नहीं, बल्कि ‘लंदन’ में पेश किया गया था। इसके पीछे एक दिलचस्प कहानी है, चलिए जानते हैं…

कौन थे जेम्स विल्सन?

भारत का पहला बजट ब्रिटिश अधिकारी जेम्स विल्सन ने लंदन में पेश किया था। उन्होंने इसे ब्रिटिश क्राउन के सामने रखा था। जेम्स विल्सन स्कॉटलैंड के एक प्रमुख राजनीतिज्ञ, अर्थशास्त्री और व्यवसायी थे। वे स्टैंडर्ड चार्टर्ड बैंक और ‘द इकोनॉमिस्ट’ पत्रिका के संस्थापक भी थे। विल्सन ने भारत सरकार में वित्त विभाग के सदस्य के रूप में कार्य किया और उस समय के वायसराय को बजट के बारे में सलाह दी थी।

पहले बजट पेश करने की क्या है कहानी?

भारत में बजट पेश करने की परंपरा की शुरुआत एक दिलचस्प घटना से जुड़ी हुई है। 1857 में हुए भारतीय विद्रोह के बाद अंग्रेजी सरकार को भारी नुकसान हुआ था, और उस नुकसान की भरपाई के लिए बजट पेश करने का विचार सामने आया था। यह प्रस्ताव सबसे पहले प्रिंस काउन के सामने रखा गया था। इस विद्रोह में भारतीय सिपाही और क्रांतिकारी अंग्रेजों से भिड़े थे, और इसके बाद अंग्रेजों ने कड़ा जवाब दिया। इस विद्रोह की निंदा सिर्फ भारत में नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में, खासकर लंदन के हाउस ऑफ कॉमन्स में भी हुई थी।

इसके बाद, हुए नुकसान का आकलन किया गया और उसे पूरा करने के लिए भारत में एक कर प्रणाली (Tax System) लागू करने का खाका तैयार किया गया। 7 अप्रैल, 1860 को इस प्रस्ताव को ईस्ट-इंडिया कंपनी के अधिकारी जेम्स विल्सन ने ब्रिटिश क्राउन के सामने बजट दस्तावेज़ के रूप में पेश किया। और इस तरह, भारत का पहला बजट प्रस्तुत हुआ।

आरके शानमुगम चेट्टी ने पेश किया आजादी के बाद का पहला बजट

भारत को अंग्रेजी हुकूमत से आजादी मिलने के बाद, स्वतंत्र भारत का पहला बजट 26 नवंबर 1947 को पेश किया गया था। इसे पेश करने वाले पहले वित्त मंत्री सर आरके शानमुगम चेट्टी थे। इस बजट को पेश करते समय एक खास बात ये थी कि यह भारत के विभाजन के दौरान हुए बड़े दंगों के बीच पेश किया गया था।

 

यह भी पढ़े: