अमेरिका लगातार अपने देश में रह रहे अवैध प्रवासियों को वापस भेज रहा है। भारत के अवैध प्रवासियों को भी विशेष विमानों से देश लौटाया जा रहा है। हालांकि, इस प्रक्रिया को लेकर विरोध जारी है। लौटाए गए कई भारतीयों ने बताया कि उन्हें विमान में हाथ-पैर में हथकड़ियां और बेड़ियां पहनाई गईं, जैसा पिछली बार भी हुआ था।
इसी बीच, अमेरिका से डिपोर्ट होकर लौटे दो युवकों को पंजाब की राजपुरा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इन दोनों पर पहले से मर्डर का केस दर्ज था। वहीं, अमेरिका से एक और विमान आज अमृतसर पहुंचने वाला है, जिसमें और भी भारतीय लौटेंगे।
अवैध भारतीय प्रवासियों को जंजीरों में बांधकर वापस लाया गया
अमेरिका से देश लौटाए गए भारतीयों को फिर से हथकड़ियां और पैरों में बेड़ियां डालकर भारत भेजा गया। पंजाब के युवाओं ने TV9 भारतवर्ष से बातचीत में बताया कि उन्हें डिटेंशन सेंटर से लेकर भारत पहुंचने तक पूरे सफर में जंजीरों से बांधकर रखा गया। यहां तक कि बाथरूम जाते समय भी उनके हाथ-पैर बंधे रहे।
पहले जत्थे में 104 और दूसरे जत्थे में 116 अवैध भारतीय प्रवासियों को अमेरिकी सैन्य विमान सी-17 से शनिवार रात भारत भेजा गया। अब खबर है कि तीसरा विमान रविवार रात अमृतसर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचेगा।
अमेरिका पहुंचते ही पुलिस ने लिया हिरासत में
अमेरिका से डिपोर्ट होकर लौटे सौरव ने बताया कि अमेरिका पहुंचने में उन्हें करीब 45 लाख रुपये खर्च करने पड़े, जो उन्होंने अपनी जमीन बेचकर जुटाए थे। सौरव 27 जनवरी को अमेरिका पहुंचे, लेकिन वहां पहुंचने के 2-3 घंटे के भीतर ही उन्हें हिरासत में ले लिया गया।
इसके बाद उन्हें एक शिविर में भेज दिया गया, जहां कोई भी उनकी बात सुनने को तैयार नहीं था। इस शिविर में सौरव समेत कई और लोगों को करीब 15 दिन तक रखा गया। दो दिन पहले अधिकारियों ने बताया कि उन्हें दूसरे शिविर में शिफ्ट किया जाएगा, लेकिन बाद में उन्हें सीधे भारत वापस भेज दिया गया।
तीसरा विमान आज करेगा लैंड
अमेरिका से 157 भारतीयों को डिपोर्ट कर भारत भेजा जा रहा है। ये लोग रविवार रात तक अमृतसर एयरपोर्ट पहुंच सकते हैं। बताया जा रहा है कि इनमें ज्यादातर लोग गुजरात के हैं। फ्लाइट के रात करीब 12 बजे लैंड करने की संभावना है।
इससे पहले, 5 फरवरी को भी अमेरिका ने 104 भारतीयों को डिपोर्ट किया था। वे एक सैन्य विमान से अमृतसर पहुंचे थे। इनमें 33 लोग हरियाणा से, 33 गुजरात से और 30 पंजाब से थे।
18,000 भारतीय प्रवासियों को वापस भेजेगा
अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे भारतीयों को वापस लाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ट्रंप के दूसरे कार्यकाल में भारत लौटने वाली यह पहली उड़ान है। बताया जा रहा है कि भारत और अमेरिका ने करीब 18,000 ऐसे भारतीय प्रवासियों की पहचान की है, जो गैरकानूनी तरीके से वहां पहुंचे थे। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में ऐसे और भी विमान भारत आ सकते हैं।
यह भी पढ़े:
अमेरिका से डिपोर्ट किए गए 116 भारतीयों की दूसरी फ्लाइट अमृतसर पहुंची