loader

Loksabha Election 2024 Rahul Gandhi Bikaner : राजस्थान के पहले चुनावी दौरे पर राहुल गांधी, बोले- हमारी सरकार कॉन्ट्रेक्ट खत्म कर परमानेंट जॉब देगी

Loksabha Election 2024 Rahul Gandhi Bikaner Rajasthan

Loksabha Election 2024 Rahul Gandhi Bikaner :  राजस्थान में लोकसभा चुनाव की चौसर बिछने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी गुरुवार को प्रदेश के पहले चुनावी दौरे पर आए। राहुल गांधी बीकानेर के अनूपगढ़ पहुंचे, जहां उन्होंने चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान राहुल गांधी ने कहा कि हम देश से एक झटके में गरीबी मिटा देंगे। उन्होंने देश में कांग्रेस सरकार बनने पर जातिगत जनगणना, इकोनॉमिक सर्वे कराने की बात भी कही। राहुल गांधी ने आज ही फलौदी में भी चुनावी सभा की। इनमें फलौदी जोधपुर लोकसभा क्षेत्र में आता है, जबकि अनूपगढ़ बीकानेर लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा है, यह दोनों ही सीटें कांग्रेस के लिए कमजोर कड़ी हैं।

राहुल गांधी का पहला चुनावी दौरा

राजस्थान में लोकसभा चुनाव के महासंग्राम को देखते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बीकानेर के अनूपगढ़ में चुनावी सभा को संबोधित किया। इसके साथ ही जोधपुर के फलौदी में भी राहुल गांधी की सभा हुई। खास बात यह है कि राहुल गांधी का राजस्थान में यह पहला चुनावी दौरा है। इससे पहले कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड्गे ने जयपुर का चुनावी दौरा किया था। जबकि बीजेपी के लिए पीएम मोदी राजस्थान में आज चौथी सभा कर रहे हैं, बाकी नेता भी लगातार चुनाव प्रचार में जुटे हैं।

हिंदुस्तान से एक झटके में गरीबी मिटा देंगे

राहुल गांधी ने कहा कि मोदीजी ने 16 लाख करोड़ रुपए का 22-25 लोगों का कर्जा माफ किया। मोदी ने अरबपतियों का कर्जा माफ किया, उनकी मदद की, तो हम हर गरीब की मदद करेंगे, उसकी रक्षा करेंगे। हिंदुस्तान के हर गरीब परिवार में हम एक महिला को एक लाख रुपए सालाना बैंक अकाउंट में देंगे और यह रकम उस दिन तक डाली जाएगी, जिस दिन तक आप गरीबी रेखा से नहीं निकल जाओगे। अगर आप गरीबी रेखा से नीचे हो, तो आपके बैंक अकाउंट में हर महीने 8500 रुपए आता रहेगा। एक झटके में हिंदुस्तान से हम गरीबी मिटा देंगे।

जातिगत जनगणना, इकोनॉमिक सर्वे कराएंगे

राहुल गांधी ने कहा कि पांच वादे आपसे हमने किए हैं…पहला देश में पिछड़ों, दलितों, आदिवासियों की कितनी आबादी ?…यह कोई नहीं जानता, इसलिए हमारा पहला काम जातिगत जनगणना। दूसरा- इकॉनामिक सर्वे, हिंदुस्तान के धन का सर्वे कराएंगे। यह पता लगाएंगे कि हिंदुस्तान का धन कितने और किन लोगों के हाथ में है। हर संस्था, मीडिया, बडी कंपनियों और सरकार को देखेंगे कि क्या सचमुच दलित, पिछड़े, आदिवासी, गरीब सामान्य वर्ग की हिस्सेदारी है। जातिगत जनगणना से सब दूध का दूध पानी का पानी हो जाएगा।

सरकारी नौकरी में कॉन्ट्रैक्ट नहीं, परमानेंट जॉब देंगे

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि देश में 30 लाख सरकारी नौकरियां हैं, मोदीजी ने इनको खाली रखा है। देश में हमारी सरकार बनने पर हम पहला काम 30 लाख सरकारी नौकरियां देने का करेंगे। हम सरकार में कॉन्ट्रैक्ट लेबर (ठेका प्रथा) खत्म करेंगे। अब हिंदुस्तान में अगर कोई सरकार में काम करेगा, तो वो कॉन्ट्रैक्ट पर नहीं करेगा। उसे परमानेंट जॉब मिलेगी। शिक्षित युवाओं को एक साल अप्रैंटिसशिप करवाएंगे। उन्हें एक लाख रुपए हमारी सरकार देगी।

90 फीसदी आबादी को नहीं हिस्सेदारी

राहुल गांधी ने कहा कि हिंदुस्तान में 50 फीसदी आबादी पिछड़े वर्ग की है। देश में पिछड़ा वर्ग, दलित, आदिवासी, अल्पसंख्यक और गरीबों की आबादी 90 फीसदी से ज्यादा है। लेकिन हिंदुस्तान की 200 सबसे बड़ी कंपनियों के मैनेजमेंट में पिछड़े वर्ग के लोग नहीं हैं। मोदीजी ने इन कंपनियों के 16 लाख करोड़ रुपए माफ किए।

पीएमओ से लागू हुई अग्निवीर योजना रद्द करेंगे

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि हमारी सरकार बनने पर किसानों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य का कानून लागू करेंगे। किसानों का कर्जा माफ किया जाएगा। सेना में अग्निवीर योजना रद्द होगी। उन्होंने कहा कि अग्निवीर योजना लाने के लिए आर्मी ने नहीं कहा, यह स्कीम पीएम ऑफिस से लागू हुई। हम देश में कांग्रेस की सरकार बनने पर अग्निवीर योजना रद्द करेंगे। पहले की तरह कैंटीन, पेंशन, शहीद को मुआवजे की व्यवस्था लागू होगी।

पहली बार किसान को टैक्स देना पड़ रहा

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि देश में 20-22 अमीर लोगों के पास उतना ही पैसा है, जितना 70 करोड़ लोगों के पास है। नरेंद्र मोदी कहते हैं किसानों को एमएसपी नहीं दूंगा। किसानों को आतंकवादी बताते हैं। जीएसटी की वजह से हिंदुस्तान में पहली बार किसान टैक्स दे रहा है।

यह भी पढ़ें : Junagarh Chaitra Navratri: लोक डायरा में बाल्टी भरकर लोकसभा प्रत्याशियों पर बरसाए गए रुपये, देखें वीडियो

कांग्रेस के लिए क्यों अहम बीकानेर ?

बीकानेर लोकसभा क्षेत्र में आठ विधानसभा क्षेत्र हैं, जिनमें अनूपगढ़ भी शामिल है। यहां 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को महज दो सीटों पर जीत हासिल हुई थी। जबकि, बाकी 6 विधानसभा क्षेत्रों पर भाजपा विजयी हुई। ऐसे में राहुल गांधी ने राजस्थान के पहले चुनावी दौरे के लिए बीकानेर लोकसभा क्षेत्र को चुना है। इस लोकसभा चुनाव में यहां से कांग्रेस ने गोविंदराम मेघवाल को प्रत्याशी बनाया है। जबकि भाजपा से अर्जुन मेघवाल, बसपा से खेताराम मेघवाल चुनाव मैदान में हैं।

यह भी पढ़ें : Lok Sabha Election 2024 PM Modi Rally उत्तराखंड के ऋषिकेश में गरजे पीएम, कहा-आज का भारत दुश्मनों को घर में घुंस कर मारता है

जोधपुर लोकसभा सीट पर भी नजर

जोधपुर लोकसभा क्षेत्र राजस्थान के तीन बार मुख्यमंत्री रह चुके अशोक गहलोत का गृह क्षेत्र है। यहां पिछली बार पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत को कांग्रेस ने चुनाव मैदान में उतारा था, लेकिन वैभव को भाजपा के प्रत्याशी केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से करारी शिकस्त झेलनी पड़ी थी। जोधपुर लोकसभा क्षेत्र में भी 8 विधानसभा क्षेत्र हैं। जिनमें सरदारपुरा से अशोक गहलोत एकमात्र कांग्रेस विधायक हैं। बाकी 7 सीटों पर भाजपा का कब्जा है। इस बार यहां से कांग्रेस ने करण सिंह को टिकट दिया है। जबकि भाजपा ने गजेंद्र सिंह शेखावत और बसपा ने मंजू मेघवाल को प्रत्याशी बनाया है।

यह भी पढ़ें : School Bus Accident : हरियाणा के महेंद्रगढ़ में भीषण सड़क हादसा, स्कूल बस पलटने से छह बच्चों की दर्दनाक मौत

[web_stories title="true" excerpt="false" author="true" date="false" archive_link="false" archive_link_label="" circle_size="150" sharp_corners="false" image_alignment="left" number_of_columns="4" number_of_stories="8" order="DESC" orderby="post_date" view="grid" /]