PM Modi

टैक्स पर नेहरू-इंदिरा की ‘गलतियां’ गिना गए PM, दिल्ली की चुनावी रैली में बोल दी ये बात

दिल्ली के आरके पुरम में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (AAP) पर कड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अगर आज नेहरू जी की सरकार होती तो 12 लाख रुपये पर एक चौथाई टैक्स देना पड़ता। वहीं, अगर इंदिरा गांधी की सरकार होती तो 12 लाख में से 10 लाख रुपये टैक्स में निकल जाते।

प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी कहा कि 10-12 साल पहले कांग्रेस के समय में अगर किसी की कमाई 12 लाख होती, तो उसे 2 लाख 60 हजार रुपये टैक्स देना पड़ता। लेकिन अब भाजपा की सरकार में, कल के बजट के बाद, जो व्यक्ति साल में 12 लाख कमाएगा, उसे एक भी रुपया टैक्स नहीं देना होगा।

कांग्रेस अपने खजाने को भरने के लिए लोगों पर टैक्स लगाती थी: पीएम 

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपने खजाने को भरने के लिए लोगों पर टैक्स लगाती है, जबकि भाजपा सरकार ने 12 से 24 लाख रुपये तक की आय पर हर साल 1 लाख 10 हजार रुपये तक की अतिरिक्त बचत का रास्ता खोला है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 12 लाख रुपये तक की आय पर टैक्स फ्री करने से सबसे ज्यादा फायदा युवाओं को मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि आज का भारत भाजपा के साथ है और जिनका कोई नहीं पूछता, उन्हें मोदी पूछते हैं। इस बजट में गरीबों के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं लागू की गई हैं, जिससे वे ताकतवर बनेंगे। अंत में, उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने दिल्ली के लोगों को धोखा दिया है।

‘यह मिडिल क्लास फ्रेंडली बजट है’

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कल के बजट के बाद मिडिल क्लास का कहना है कि यह अब तक का सबसे मिडिल क्लास के लिए फ्रेंडली बजट है। इस बजट में ऐसा कुछ किया गया है कि हर भारतीय परिवार खुश है। अब 12 लाख रुपये तक की आमदनी पर इनकम टैक्स नहीं लगेगा। इसका फायदा मिडिल क्लास के लोगों को हजारों रुपये की बचत के रूप में मिलेगा। यह बजट उनकी जेब भरने वाला है। खासकर दिल्ली के मिडिल क्लास के लोगों के पास अब हजारों करोड़ रुपये ज्यादा आने वाले हैं। यह पहली बार है जब आज़ादी के बाद इनकम टैक्स में इतनी बड़ी राहत दी गई है।

दिल्ली को AAPदा पार्टी ने किया बर्बाद 

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बसंत पंचमी के साथ ही मौसम में बदलाव आ जाता है। 5 फरवरी को दिल्ली में विकास का नया दौर शुरू होने वाला है। इस बार दिल्ली में भाजपा सरकार बनने जा रही है। पूरी दिल्ली कह रही है, “अबकी बार बीजेपी सरकार।” उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने दिल्ली के 11 साल खराब कर दिए हैं। अब हमें सेवा का मौका दें, मैं आपकी हर समस्या और परेशानी को दूर करने के लिए पूरी मेहनत से काम करूंगा।

‘आप’दा का नकाब उतर चुका है 

पीएम मोदी ने कहा कि हमें ऐसी सरकार चाहिए जो दिल्ली का विकास करे और बहाने न बनाए। अब किसी भी हालत में आप दा की सरकार नहीं आनी चाहिए। दिल्ली में वोटिंग से पहले ही आप दा के लोग बिखर रहे हैं। उनके नेता उन्हें छोड़कर जा रहे हैं, और जनता आप दा से नाराज है। दिल्ली के लोगों का गुस्सा इतना बढ़ गया है कि आप दा घबराए हुए हैं और हर घंटे झूठी घोषणाएं कर रहे हैं। लेकिन अब उनकी सच्चाई सामने आ चुकी है। 10 साल से आप दा झूठी घोषणाओं के दम पर वोट ले रहे थे, लेकिन अब लोग इस झूठ को नहीं सहेंगे और बदलाव लाकर रहेंगे।

 

 

यह भी पढ़े: